चार गुट में बंट गई है छत्तीसगढ़ कांग्रेस, बीजेपी MLA का दावा
mookpatrika.live

दैनिक मूक पत्रिका – रायपुर। छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव में कांग्रेस को मिली हार के बाद प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट का प्रदेश दौरा न करना सियासी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है। पूर्व सांसद और रायपुर दक्षिण के विधायक सुनील सोनी ने इस पर तंज कसते हुए कहा, पायलट का हवाई जहाज बिगड़ गया है और अब वे यहां आकर करेंगे क्या? नगरीय निकाय में सुपड़ा साफ हो गया। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भी यही हाल हुआ। उनको अच्छे से मालूम है कि कांग्रेस यहां बुरी तरह से बिखर गई है। उनका कहीं रोल नहीं है। सुनील सोनी ने आगे कहा कि प्रदेश में कांग्रेस कई धड़ों में बंट चुकी है। एक तरफ भूपेश बघेल की कांग्रेस, एक तरफ टीएस सिंहदेव की कांग्रेस, एक तरफ चरणदास महंत की कांग्रेस, एक तरफ दीपक बैज की कांग्रेस है।उन्होंने कहा कांग्रेस का कार्यकर्ता तक नहीं समझ पा रहा है कि कांग्रेस है कहां। वो भी ढूंढ रहा है, जनता तो दूर हो गई है और अब कार्यकर्ता भी दूर हो रहे हैं। बता DE कि हाल ही में प्रदेश कांग्रेस की कार्यकारिणी बैठक हुई थी, जिसमें दोनों प्रभारी सचिव विजय जांगिड़ और जरिता लैतफलांग तो शामिल हुईं, लेकिन प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट नदारद रहे। इससे पहले वे 26 जनवरी को प्रत्याशियों के ऐलान से पहले हुई बैठक के लिए रायपुर आए थे।