हल्ला बोल: कांग्रेस ने सरकार को दिखाया आईना विष्णुदेव सरकार पर वादा खिलाफी
प्रशासनिक आतंक और बदहाल कानून व्यवस्था के आरोप

दैनिक मूक पत्रिका जांजगीर-चांपा- किसानों, युवाओं और गरीबों से किए गए वादों की अनदेखी और बढ़ते प्रशासनिक आतंक के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट कार्यालय का घेराव किया। युवा कांग्रेस के संयोजकत्व में जांजगीर-चांपा और अकलतरा विधायक समेत जिले के वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया lकांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बीडीएम गार्डन से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च निकाला। प्रदर्शनकारियों के हाथों में आईने थे, जो लोगों के बीच चर्चा का विषय बने। कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को तोड़ने की कोशिश की, लेकिन सुरक्षा बलों ने उन्हें गेट के पास ही रोक दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात था, जिससे प्रदर्शनकारियों को अंदर प्रवेश नहीं करने दिया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच हल्की झड़प भी हुई, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही। प्रदर्शनकारी सड़क पर ही बैठ गए और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
वादा खिलाफी और प्रशासनिक आतंक के आरोप
कांग्रेस नेताओं ने विष्णुदेव सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य सरकार अपने वादों को पूरा करने में पूरी तरह विफल रही है। 1 वर्ष के कार्यकाल के बाद सरकार की नीतियों और दावों की पोल खुल चुकी है। नेताओं ने धान खरीदी प्रक्रिया में किसानों को हो रही परेशानियों, युवाओं को रोजगार देने में विफलता, और प्रशासनिक आतंक के बढ़ते मामलों को लेकर सरकार की आलोचना की।
मुख्य मांगें और स्थानीय मुद्दे
कांग्रेस ने प्रदर्शन के दौरान स्थानीय समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। इनमें नैला ओवरब्रिज निर्माण, जल आवर्धन योजना का लंबित कार्य, मुख्य मार्ग के किनारे बड़ी नाली का निर्माण, और नगर की बदहाल ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार शामिल है। इसके साथ ही, मुख्य नगर पालिका अधिकारी के खिलाफ निलंबन कार्रवाई की मांग की गई।
कानून व्यवस्था पर सवाल
जांजगीर-चांपा विधायक व्यास कश्यप और अकलतरा विधायक ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को मणिपुर बना दिया गया है। सरकार अपराधों को रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
किसानों और युवाओं के सपने चूर
कांग्रेस नेताओं ने सरकार पर किसानों और युवाओं से किए गए वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया। 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी और 3100 रुपए प्रति क्विंटल दर से एक मुश्त भुगतान के वादे को जुमला बताते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अपने वादे से मुंह मोड़ लिया है। युवाओं को रोजगार देने के बड़े-बड़े सपने दिखाए गए थे, लेकिन अब वे सपने चूर हो चुके हैं।
राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन व आइना अपर कलेक्टर एसपी वैध को सौंपा। इसके साथ ही, उन्होंने सरकार को जनता के हितों की अनदेखी बंद करने और समस्याओं को हल करने की चेतावनी दी।
इस विरोध प्रदर्शन में युवाओं की बड़ी भागीदारी देखी गई, जिसने इस आंदोलन को और मजबूती दी। कांग्रेस ने सरकार को स्पष्ट संदेश दिया कि वह जनता के मुद्दों पर चुप नहीं बैठेगी। कांग्रेस के इस आंदोलन ने स्थानीय राजनीति में हलचल मचा दी है और सरकार पर दबाव बढ़ा दिया है। अब देखना होगा कि विष्णुदेव सरकार इन मांगों को लेकर क्या कदम उठाती है।